सिकंदराराऊ (हसायन) 05 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर शुक्रवार (5 जून) को कस्बा से लेकर पूरे विकासखंड क्षेत्र में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जगह-जगह पौधारोपण कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन किया गया। इस वर्ष भारत सरकार द्वारा निर्धारित थीम “प्रकृति से प्रेरित जलवायु के लिए हमारे भविष्य के लिए” के अंतर्गत जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और हरित व स्वच्छ भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया गया। सिकंदराराऊ रेंज के अंतर्गत 1.0 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाले ‘नगला कांच वन भूमि भाग-2’ पर वन विभाग द्वारा मुख्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक का क्षेत्रीय वनाधिकारी दिलीप कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद विधायक और अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने वन भूमि पर ‘हरिशंकरी वाटिका’ के पवित्र पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय वनाधिकारी (सिकंदराराऊ रेंज) दिलीप कुमार, वन दरोगा अंकित सिंह, सर्वेश कुमार, बीट प्रभारी चंद्रपाल सिंह, गौरव कुमार, ललित गिरि, पूनम कुमारी सहित वन विभाग के समस्त कर्मचारी व प्रकृति प्रेमी उपस्थित रहे।
हसायन कोतवाली परिसर में पुलिसकर्मियों ने रोपे पौधे
थाना हसायन कोतवाली परिसर में भी विश्व पर्यावरण दिवस बेहद उत्साह के साथ मनाया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम की उपस्थिति में पुलिसकर्मियों ने थाना परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए पौधारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान उपनिरीक्षक (एसआई) जोगेंद्र सिंह और रामसनेही वर्मा ने विभिन्न पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर कोतवाली के सभी उपनिरीक्षक और समस्त पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर पंचायत कार्यालय में ईओ ने दिलाई हरी शपथ
नगर पंचायत कार्यालय हसायन के परिसर में भी पर्यावरण दिवस पर विशेष कार्यक्रम हुआ। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) संदीप सारस्वत ने सभी निकाय कर्मचारियों के साथ मिलकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तत्वावधान में फलदार व छायादार पौधे लगाए। ईओ ने कर्मचारियों से रोपे गए पौधों की सुरक्षा करने की जिम्मेदारी भी सौंपी। इसके अलावा कस्बा हसायन व देहात क्षेत्र में भी सामाजिक संस्थाओं और ग्रामीणों द्वारा जगह-जगह पौधे लगाकर इस महाअभियान की शुरूआत की गई।
























