Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ) 05 जून । राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉक सहपऊ में शुक्रवार (5 जून) से विशेष “हैंड हेल्ड एक्सरे आयुष्मान आरोग्य शिविर” अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि नगर पंचायत सहपऊ की अध्यक्षा सुश्री शीला देवी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सहपऊ में फीता काटकर इस स्वास्थ्य अभियान का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीण अंचलों में 13 जून तक निरंतर चलने वाले इन शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार और मौके पर ही त्वरित जांच सेवाओं हेतु विशेष ‘निक्षय वाहन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उद्घाटन के पहले दिन सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर (STS) हर्ष अग्निहोत्री की देखरेख में स्वास्थ्य केंद्र पर कुल 102 मरीजों के सीने के एक्सरे अत्याधुनिक पोर्टेबल मशीन द्वारा पूरी तरह निःशुल्क किए गए। डॉक्टरों द्वारा मौके पर ही डिजिटल एक्सरे रिपोर्ट देखी गई, जिसमें फेफड़ों में संक्रमण व टीबी के लक्षण दिखने वाले 12 संभावित गंभीर मरीजों को चिन्हित किया गया। इन सभी 12 मरीजों को सटीक पुष्टि के लिए तत्काल ‘ट्रूनाट’ (TrueNat) जांच हेतु संदर्भित किया गया है। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि सीएचसी स्तर पर इस सफल शुरुआत के बाद शनिवार (6 जून) से यह अभियान ब्लॉक के विभिन्न उच्च जोखिम वाले गांवों में सीधे जनता के बीच पहुंचेगा। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि ग्राम स्तर पर लगने वाले इन विशेष शिविरों का ग्रामीण अधिक से अधिक लाभ उठाएं। यदि किसी भी व्यक्ति को दो हफ्ते से ज्यादा समय से खांसी आ रही हो या लगातार बुखार बना हुआ हो, तो वे ‘निक्षय वाहन’ पर पहुंचकर मौके पर ही पोर्टेबल एक्सरे जांच सेवा का लाभ उठाएं और समय रहते अपनी जांच अवश्य कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page