Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने विकास खंड मुरसान की ग्राम पंचायत धातुरा खुर्द स्थित अस्थायी गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण किया तथा परिसर में नीम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के साथ-साथ आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिवस भी है। उन्होंने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके आह्वान को सफल बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इसी उद्देश्य से जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला में संरक्षित गोवंशों के रख-रखाव, चारे, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छोटे बछड़ों एवं बीमार गौवंशों के लिए जालीयुक्त टीनशेड बनाने, केयर टेकरों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने तथा शेष निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी सदर ने बताया कि गौशाला में वर्तमान में 128 निराश्रित गौवंश संरक्षित हैं, जिनमें 54 नर एवं 74 मादा गोवंश शामिल हैं। उनकी देखभाल के लिए पांच केयर टेकर तैनात हैं। गौशाला में तीन टीनशेड, दो चरही, दो पानी के हॉज, एक समरसेबिल तथा 35 कुंतल भूसा उपलब्ध है। साथ ही सुरक्षा एवं निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी संचालित हैं। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, पंचायत सहायक, ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page