
हाथरस 05 जून । विश्व पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से ग्राम परसारा में सचिवालय परिसर एवं ग्राम के विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान मनोज सिसोदिया एडवोकेट, जो अखिल भारतीय पंचायत परिषद (प्रधान संगठन) हाथरस के जिलाध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी ग्रामवासियों से पौधारोपण कर उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा हाथरस के जिलामंत्री देवेंद्र प्रताप सिंह, ग्राम पंचायत सहायक इरफान खान, गिर्राज सिंह, अशोक कुमार, रंजीत ठाकुर सहित अन्य ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें संरक्षित रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।


























