
हाथरस 05 जून । नगर पालिका परिषद हाथरस द्वारा नगर के आधारभूत विकास कार्यों को गति प्रदान करते हुए 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत वार्ड संख्या-13, जलेसर रोड स्थित श्याम कॉलोनी में निर्मित सी.सी. इंटरलॉकिंग टाइल एवं नाली निर्माण कार्य का लोकार्पण पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी द्वारा फीता काटकर किया गया। इसके साथ ही निर्माण कार्य को क्षेत्रवासियों की सेवा में समर्पित कर दिया गया। लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में जनसुविधाओं के विस्तार एवं मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क एवं जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे ऐसे निर्माण कार्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेंगे तथा क्षेत्र में स्वच्छता और सुगम आवागमन को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर पूर्व सांसद राजेश कुमार दिवाकर ने नगर में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों के माध्यम से नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भी नगर पालिका परिषद के प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम में वार्ड संख्या-13 के सभासद अभिषेक राज, भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक गुप्ता, सभासद अशोक गोला, हिमांशु कौशिक, दिनेश सिंह , अतुल चौधरी, काव्य वार्ष्णेय, राकेश सिंह, सभासद प्रतिनिधि सुनील कुशवाह, चन्दन कुमार, टेकपाल कुशवाह, राघवेन्द्र चौधरी, राकेश शर्मा, सत्यभान सिंह, अर्जुन बाल्मीकि सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए नगर के समग्र विकास एवं जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।


























