हाथरस 04 जून । सरस्वती महाविद्यालय को जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले पर स्लैब निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद इंटरलॉकिंग का काम अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे सड़क पर गड्ढे, कीचड़ और गंदगी का अंबार लग गया है। मार्ग की खराब स्थिति के कारण छात्र-छात्राओं, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा आए दिन लोग चोटिल भी हो रहे हैं। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई है जब महाविद्यालय विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं का केंद्र बना हुआ है। हाल ही में आयोजित टीजीटी परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों और परीक्षा स्टाफ को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, वहीं आगामी 8, 9 और 10 जून को होने वाली पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मृदुल दीक्षित ने भी कई बार नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को फोन कर समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही मार्ग को दुरुस्त नहीं कराया गया तो पुलिस भर्ती परीक्षा में आने वाले हजारों अभ्यर्थियों को भी इसी अव्यवस्था से गुजरना पड़ेगा। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।


























