Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 जून। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष तथा राज्य सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य 5 जून से 21 जून तक वृहद स्तर पर ‘‘समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान’’ संचालित किया जाएगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में प्रदेश की प्रभारी मंत्री एवं महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री बेबीरानी मौर्य ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, सुशासन की उपलब्धियों तथा आमजन के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से पैदल यात्रा, चौपाल एवं रात्रि विश्राम जैसे कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि अभियान ‘‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’’ की भावना के अनुरूप संचालित होगा। अभियान की शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम से होगी। इसके बाद 8 से 14 जून तक जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम, 14 से 16 जून तक जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले, 16-17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी, 18-19 जून को प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं तथा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान रात्रि चौपालों, जनसंवाद कार्यक्रमों तथा विभिन्न विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में विशेष शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page