
हाथरस 03 जून। उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलिटेक्निक)-2026 का आयोजन जनपद के निर्धारित परीक्षा केंद्र पर 2 जून से प्रारंभ हो गया है। परीक्षा के अंतर्गत ग्रुप-ए के अभ्यर्थियों की परीक्षा प्रथम एवं द्वितीय दिवस में तीन-तीन पालियों में सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।
परीक्षा का संचालन प्रतिदिन तीन पालियों में किया जा रहा है। प्रथम पाली प्रातः 8 बजे से 10:30 बजे तक, द्वितीय पाली दोपहर 12:00 बजे से 2:30 बजे तक तथा तृतीय पाली सायं 4 बजे से 6:30 बजे तक आयोजित की जा रही है। यह प्रवेश परीक्षा आगामी 9 जून 2026 तक निरंतर जारी रहेगी। जिला नोडल अधिकारी एवं प्रधानाचार्य, राजकीय पॉलिटेक्निक (एमएमआईटी) हाथरस डॉ. सोनवीर सिंह ने बताया कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र की निगरानी हेतु जोनल मजिस्ट्रेट एवं अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रकाश चंद्र द्वारा समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा। परीक्षा के दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट अश्विनी कुमार तिवारी (चकबंदी अधिकारी), केंद्र पर्यवेक्षक देवेंद्र सिंह भारंगर तथा केंद्र अधीक्षक जय प्रकाश यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। डॉ. सोनवीर सिंह ने बताया कि प्रवेश परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे गए, जिनमें गणित के 50 प्रश्न, भौतिक विज्ञान के 25 प्रश्न तथा रसायन विज्ञान के 25 प्रश्न शामिल थे। उपस्थिति के संबंध में उन्होंने बताया कि प्रथम दिवस की प्रथम पाली में पंजीकृत 45 अभ्यर्थियों में से 26, द्वितीय पाली में 30 तथा तृतीय पाली में 37 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। वहीं द्वितीय दिवस की प्रथम पाली में 39, द्वितीय पाली में 40 तथा तृतीय पाली में 36 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी तरह संतोषजनक रहीं। संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराई जा रही है, जिससे अभ्यर्थियों को निष्पक्ष परीक्षा का माहौल उपलब्ध हो सके।


























