Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 01 जून। ब्लॉक हसायन अंतर्गत ग्राम मथुरापुर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का रविवार को अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच समापन हो गया। बालकृष्ण सिंह एवं पदम सिंह के संयोजन में आयोजित इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन एवं प्रसादी वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष व कासगंज कोऑर्डिनेटर चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने शिरकत की। कार्यक्रम में पहुँचकर उन्होंने कथा व्यास आचार्य रामवीर शास्त्री का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया और व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन मात्र नहीं है, बल्कि यह मानव जीवन को सत्य, सेवा, संस्कार, करुणा और सदाचार की राह दिखाने वाला एक दिव्य माध्यम है। उन्होंने वर्तमान समय का उल्लेख करते हुए कहा कि आज जब समाज विभिन्न वैचारिक और नैतिक चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे समय में इस प्रकार के आध्यात्मिक आयोजन सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे एवं नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने इस सफल और पुनीत आयोजन के लिए आयोजक परिवार को विशेष रूप से बधाई दी और कहा कि क्षेत्र में धार्मिक तथा सांस्कृतिक चेतना के प्रसार के लिए ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। वहीं, कथा व्यास आचार्य रामवीर शास्त्री ने श्रद्धालुओं को अंतिम दिन की कथा का रसपान कराते हुए कहा कि भागवत कथा का श्रवण मनुष्य को सांसारिक विकारों से दूर कर ईश्वर के निकट ले जाता है। श्रीमद्भागवत महापुराण हमें भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का संदेश देती है तथा जीवन को एक सकारात्मक दिशा प्रदान करती है। जो भी व्यक्ति सच्चे और श्रद्धा भाव से इस दिव्य कथा का श्रवण करता है, उसके जीवन में आध्यात्मिक उन्नति के साथ-साथ मानसिक शांति और आत्मिक आनंद का संचार अवश्य होता है।

कथा महोत्सव को सुचारू और भव्य रूप देने में संजय प्रताप सिंह, हरेंद्र सिंह, सत्येंद्र प्रताप सिंह, धर्मेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह सहित समस्त आयोजक परिवार ने व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया, जिसकी उपस्थित भारी जनसमुदाय ने खुले दिल से सराहना की। इस समापन और भंडारा कार्यक्रम के अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष संजय प्रताप सिंह, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस अध्यक्ष विष्णु कुमार, यूथ कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष निखिलवर्ती पाठक, पूर्व नगर अध्यक्ष शाहिद अली सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page