Hamara Hathras

Latest News

अलीगढ़ 01 जून । स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ते तकनीकी बदलावों के बीच विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर का व्यावहारिक ज्ञान देने के उद्देश्य से मंगलायतन विश्वविद्यालय ने बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को विश्वविद्यालय के फिजियोथेरेपी विभाग में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एक्सरसाइज थेरेपी लैब का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार (आईएएस) द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि सीडीओ योगेंद्र कुमार ने संस्थान के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा वर्तमान समय में चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में फिजियोथेरेपी की भूमिका अत्यधिक महत्वपूर्ण हो चुकी है। दवाओं के साथ-साथ पुनर्वास और व्यायाम आधारित उपचार मरीजों को तेजी से स्वस्थ करने में मददगार साबित हो रहे हैं। 
कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने बताया कि मंगलायतन विश्वविद्यालय चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता और अनुसंधान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। एक्सरसाइज थेरेपी लैब के माध्यम से हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को नवीनतम वैश्विक उपचार पद्धतियों से रूबरू कराना है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने कहा कि जब छात्र यहां आधुनिक उपकरणों के साथ प्रशिक्षण लेंगे, तो उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे भविष्य में समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दे सकेंगे। कार्यक्रम में पधारे मुख्य अतिथि का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत कुलसचिव मनोज के. ने किया। विभाग के प्राचार्य डा. केके शर्मा ने नई लैब की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला में विद्यार्थियों को मस्कुलोस्केलेटल समस्याओं, उन्नत पुनर्वास तकनीकों तथा जटिल व्यायाम आधारित उपचार पद्धतियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस अवसर पर वित्त अधिकारी मनोज गुप्ता, अल्का सिंह, अन्नपूर्णा, स्वाती, दिव्या पांडेय, ज्योति यादव, नेहा रानी, सत्यम गौड़ और कुलदीप शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page