
हाथरस 01 जून । युवा ब्राह्मण महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आगरा रोड स्थित शोभित गार्डन में आयोजित की गई। बैठक संस्था के संस्थापक एवं सचिव शिवम भारद्वाज के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें संगठन की गतिविधियों, भविष्य की योजनाओं एवं समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से शुभम पचौरी को युवा ब्राह्मण महासभा का नया अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। संगठन के सभी सदस्यों ने उनके नाम का समर्थन करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में महासभा नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी तथा समाज के उत्थान के लिए और अधिक प्रभावी कार्य करेगी। नवनिर्वाचित अध्यक्ष शुभम पचौरी ने अपने संबोधन में सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज में एकता, शिक्षा, संस्कार, सामाजिक जागरूकता एवं युवाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता होगी। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने शुभम पचौरी को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में संगठन समाजहित के कार्यों को नई गति देगा और युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करेगा। सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा सामाजिक गतिविधियों में अधिक सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर संगठन के सदस्य रोहित शर्मा, विवेक शर्मा, शोभित उपाध्याय, विशाल शर्मा, गौरव अग्निहोत्री, राजा कौशिक, वैभव शर्मा, ओम पंडित, ऋषभ शर्मा एवं अनमोल अग्निहोत्री सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। युवा ब्राह्मण महासभा की यह बैठक संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक एकता के संकल्प के साथ संपन्न हुई।


























