
हाथरस 31 मई । जिला खेल स्टेडियम में लंबे समय से एक बेहतर वॉलीबॉल कोर्ट की प्रतीक्षा कर रहे खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। स्टेडियम परिसर में वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और तेजी से प्रगति पर है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। उपक्रीड़ा अधिकारी काशीनरेश यादव ने बताया कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए मजदूरों और तकनीकी टीम को लगाया गया है। निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और उम्मीद है कि आगामी कुछ दिनों में इसे पूर्ण कर खिलाड़ियों के लिए खोल दिया जाएगा। वॉलीबॉल कोर्ट निर्माण की खबर से स्थानीय खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि अब तक एक व्यवस्थित और मानक सुविधाओं वाले कोर्ट के अभाव में उन्हें अभ्यास करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार उन्हें वैकल्पिक स्थानों पर अभ्यास करना पड़ता था, जिससे उनकी तैयारी प्रभावित होती थी। खिलाड़ियों ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त कोर्ट उपलब्ध होने के बाद वे अपनी खेल प्रतिभा को और बेहतर ढंग से निखार सकेंगे। साथ ही जिला एवं प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारी भी अधिक प्रभावी तरीके से कर पाएंगे। खेल विभाग के इस प्रयास को जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि नए कोर्ट के निर्माण से जिले में वॉलीबॉल खेल को नई पहचान मिलेगी तथा युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।























