
हाथरस 31 मई । सादाबाद से राया होते हुए मथुरा जाने वाले हजारों यात्रियों को जल्द ही जर्जर सड़क पर हिचकोले खाने से राहत मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य को तेज गति से शुरू कर दिया है। कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। जानकारी के अनुसार सादाबाद से मथुरा तक कुल 29.600 किलोमीटर लंबे मार्ग में से 12.600 किलोमीटर हिस्से का कार्य हाथरस लोक निर्माण विभाग के अधीन है। इसमें शहरी क्षेत्र के 2.025 किलोमीटर हिस्से में सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। वर्तमान में सात मीटर चौड़ी सड़क को बढ़ाकर 10 मीटर किया जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम हो सकेगी। विभाग द्वारा इस हिस्से में लगभग 1100 मीटर सड़क का निर्माण सीसी रोड के रूप में कराया जा रहा है। इसमें से करीब 925 मीटर कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। वहीं मथुरा सीमा की ओर लगभग 10.400 किलोमीटर सड़क के नवीनीकरण को भी स्वीकृति मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी के अनुसार मथुरा सीमा तक सड़क नवीनीकरण कार्य के लिए लगभग 4.77 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जबकि शहरी क्षेत्र में 2.025 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य पर लगभग तीन करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि परियोजना पूर्ण होने के बाद मार्ग की क्षमता बढ़ेगी और यातायात पहले की अपेक्षा अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा। इससे सादाबाद, राया और मथुरा के बीच प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।























