
हाथरस 31 मई । शिक्षा, तकनीक और समाज सेवा के समन्वय से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के उद्देश्य से शहर के मुरसान गेट रूपनगर कॉलोनी स्थित श्री टीकाराम सेवा संस्थान के प्रादेशिक कार्यालय का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक, शैक्षिक एवं तकनीकी क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह (गुरू जी) (वर्तमान एमएलसी एवं आगामी एमएलसी चुनाव प्रत्याशी) ने की। मंच संचालन श्री रामबाग इंटर कॉलेज के उप-प्रधानाचार्य योगेंद्र वार्ष्णेय एवं श्री टीकाराम सेवा संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष अंकुर कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
अपने संबोधन में डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को प्राप्त करने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल लाइब्रेरी और तकनीकी कौशल की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं से डिजिटल संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर स्वयं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का आह्वान किया। समारोह का प्रमुख आकर्षण संस्थान के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करना रहा। इस अवसर पर संस्थान के विस्तार एवं संगठनात्मक मजबूती हेतु विभिन्न पदों पर नियुक्तियां घोषित की गईं। साथ ही हाल ही में आयोजित एआई वर्कशॉप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं समाजसेवी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कई प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं समाजसेवियों ने सहभागिता की, जिनमें प्रमुख रूप से चन्द्रवीर कुशवाहा, बृजेश कुमार वशिष्ठ (अध्यक्ष, शिक्षामित्र एसोसिएशन), योगेन्द्र वर्मा (जिला अध्यक्ष, वित्तविहीन विद्यालय समूह), महेश तिवारी, मुकेश बघेल (प्रबंधक, एन.एल. पब्लिक स्कूल), सोन प्रसाद (सेवानिवृत्त बीएसएफ अधिकारी), गजेन्द्र विमल (शिक्षक) की विशेष उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने संस्थान द्वारा शिक्षा, तकनीकी जागरूकता एवं समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष अंकुर कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रादेशिक कार्यालय समाज सेवा, शिक्षा प्रसार, डिजिटल साक्षरता और युवाओं के कौशल विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक शिक्षा एवं तकनीकी संसाधनों की पहुँच सुनिश्चित करना है।

नवनियुक्त पदाधिकारियों की सूची
रनसिंह सिसौदिया (जिला संरक्षक), श्री फतेह सिंह (जिला सह-संरक्षक), योगेंद्र वार्ष्णेय (जिला अध्यक्ष), मनीष शर्मा (उपाध्यक्ष), प्रमोद कुमार (जिला महासचिव), लक्ष्मी कांत (जिला सचिव), राहुल सिंह (जिला विधिक सलाहकार), विष्णु कुमार (जिला अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ), कुदंन सिंह (जिला अध्यक्ष, अलीगढ़), विशाल कश्यप (जिला उपाध्यक्ष, अलीगढ़)
कार्यक्रम के अंत में जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा वर्ग उपस्थित रहा।
भारत माता की जय एवं वंदे मातरम् के जयघोष के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।



























