
सिकंदराराऊ (पुरदिलनगर) 31 मई । विद्या भारती से सम्बद्ध जन शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश द्वारा आयोजित नवचयनित आचार्य एवं प्रधानाचार्य पुनश्चर्या प्रशिक्षण वर्ग का समापन समारोह सरस्वती विद्या मन्दिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पुरदिलनगर में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। सात दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में शिक्षकों एवं प्रधानाचार्यों को शिक्षा, संस्कार और नेतृत्व से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। समापन सत्र को संबोधित करते हुए जन शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के अध्यक्ष सरनाम सिंह ने आचार्यों एवं प्रधानाचार्यों को कुशल शिक्षक एवं प्रभावी शैक्षिक नेतृत्वकर्ता बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान का प्रदाता नहीं, बल्कि समाज एवं राष्ट्र के भविष्य का निर्माता होता है। आचार्य का जीवन अनुशासन, समर्पण, सतत अध्ययन तथा आदर्श आचरण से परिपूर्ण होना चाहिए। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक को स्वयं भी निरंतर सीखते रहने की प्रवृत्ति अपनानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को साकार करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। आचार्य अपने व्यवहार, कार्यशैली एवं संस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, चरित्र निर्माण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित कर सकते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग में प्राप्त ज्ञान एवं अनुभवों को विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान शिक्षण कौशल, विद्यालय प्रबंधन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, भारतीय ज्ञान परंपरा, पंचकोशीय विकास, व्यक्तित्व निर्माण तथा संस्कार आधारित शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताते हुए अपने अनुभव साझा किए। समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रशिक्षण वर्ग के सफल आयोजन में योगदान देने वाले जिला निरीक्षकों, प्रधानाचार्यों एवं आचार्य बंधुओं का विद्यालय के प्रधानाचार्य हरीशंकर शर्मा द्वारा स्मृति चिह्न एवं पटका पहनाकर सम्मान किया गया। जन शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के प्रदेश निरीक्षक देवेंद्र यादव ने कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावी बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रबंध समिति पदाधिकारियों, प्रधानाचार्यों एवं आचार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं जन शिक्षा समिति की प्रांत कार्यकारिणी के सदस्य एवं वर्ग पालक अरविन्द चौधरी ने 25 मई से 31 मई तक आयोजित प्रशिक्षण वर्ग के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ। इस अवसर पर जन शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के पदाधिकारी, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, प्रधानाचार्य, आचार्यगण तथा प्रशिक्षण वर्ग के सभी प्रतिभागी उपस्थित रहे।


























