Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 31 मई । पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में आज क्षेत्राधिकारी लाइन श्यामवीर सिंह द्वारा आयोजित एक सादा एवं गरिमामय समारोह में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हो रहे चार पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के परिजन भी उपस्थित रहे। अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस बृजमोहन, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस श्री गिर्राज सिंह, मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस रतन कुमार एवं फायरमैन लालाराम शामिल रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के दौरान पुलिस विभाग में कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन किया।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों ने विभाग में बिताए अपने अनुभवों को विस्तार से साझा किया तथा पुलिस सेवा के दौरान प्राप्त विभिन्न अनुभवों और चुनौतियों का उल्लेख किया। क्षेत्राधिकारी लाइन श्यामवीर सिंह ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं शांतिपूर्ण जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने अपने जीवन का अमूल्य समय विभाग को समर्पित किया है और सेवा के दौरान अनेक बार अपने परिवार से दूर रहकर भी कर्तव्यों का निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक नया अध्याय है, जिसमें सभी को स्वयं को नए स्वरूप में ढालते हुए सकारात्मक और सक्रिय जीवन व्यतीत करना चाहिए। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद भी यदि किसी प्रकार की समस्या आती है तो वे बेझिझक फोन अथवा कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं, उनकी समस्याओं के समाधान का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

क्षेत्राधिकारी लाइन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से पुलिस विभाग से निरंतर जुड़े रहने, स्वयं को व्यस्त एवं स्वस्थ रखने तथा प्रसन्नतापूर्वक जीवन व्यतीत करने का अनुरोध किया। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित परिजनों का भी आभार व्यक्त किया। समारोह के अंत में क्षेत्राधिकारी लाइन द्वारा सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को माल्यार्पण कर शॉल, रामायण एवं गीता भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की मंगलकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page