सादाबाद 27 मई । उत्तर प्रदेश शासन की पुलिस व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की पहल के तहत तहसील सभागार में बुधवार को टैबलेट वितरित किए गए। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक प्रदीप चौधरी ने एसडीएम मनीष चौधरी और पुलिस क्षेत्राधिकारी एएन अस्थाना की उपस्थिति में सादाबाद सर्किल के 27 निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों को टैबलेट वितरित किए।
इस पहल का उद्देश्य अपराधियों का पूरा रिकॉर्ड एक क्लिक में उपलब्ध कराना है। विधायक प्रदीप चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रही है। उन्होंने बताया कि अब पुलिस विभाग डिजिटल माध्यम से अपराधियों का रिकॉर्ड आसानी से देख सकेगा, जिससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और जनता को त्वरित न्याय मिल पाएगा।विधायक ने पुलिस कर्मियों से तकनीक का उपयोग पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करने का आग्रह किया। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को बेवजह अपराधी न बनाया जाए और जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखा जाए। पुलिस क्षेत्राधिकारी एएन अस्थाना ने जानकारी दी कि टैबलेट के माध्यम से किसी भी व्यक्ति का नाम दर्ज करते ही उससे जुड़े आपराधिक रिकॉर्ड तत्काल सामने आ जाएंगे। इससे अपराधियों की पहचान और निगरानी में काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से पुलिसिंग को मजबूत किया जा रहा है, जिसका लाभ आने वाले समय में शासन स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शासन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि डिजिटल उपकरण मिलने से कार्य में तेजी आएगी और अपराध नियंत्रण में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर सादाबाद अपराध निरीक्षक जेपी सिंह, चन्दपा प्रभारी योगेश कुमार, सहपऊ प्रभारी मयंक चौधरी, मुरसान प्रभारी अरविंद कुमार सक्सेना के अलावा सादाबाद, सहपऊ, मुरसान और चंदपा के उपनिरीक्षक भी मौजूद रहे।






















