Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 मई । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री विनय कुमार-तृतीय के आदेशानुसार विधि छात्रों के लिए ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य विधि छात्रों को न्यायिक व्यवस्था, विधिक सहायता प्रणाली, लोक अदालत, मध्यस्थता, विधिक साक्षरता एवं जनकल्याणकारी विधिक योजनाओं की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है। इस इंटर्नशिप कार्यक्रम में विभिन्न मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों, विधि महाविद्यालयों एवं लॉ फैकल्टी में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को सहभागिता हेतु आमंत्रित किया गया है। इंटर्नशिप के दौरान प्रतिभागी छात्रों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की गतिविधियों, न्यायालयीन प्रक्रियाओं, विधिक सहायता कार्यक्रमों, मध्यस्थता केंद्रों, लोक अदालतों एवं विधिक जागरूकता अभियानों से संबंधित प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे छात्रों के शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ उनके व्यावहारिक अनुभव में भी वृद्धि होगी। इंटर्नशिप कार्यक्रम हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन पत्र को पूर्ण रूप से भरकर आवश्यक अभिलेखों सहित 30 मई 2026 तक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय, हाथरस में जमा कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण द्वारा बताया गया कि चयनित अभ्यर्थियों को इंटर्नशिप की अवधि, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं अन्य आवश्यक निर्देशों की जानकारी पृथक रूप से उपलब्ध कराई जाएगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस ने सभी पात्र एवं इच्छुक विधि छात्रों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाते हुए समय से आवेदन प्रस्तुत करें तथा न्यायिक एवं विधिक सेवा तंत्र के व्यावहारिक स्वरूप को निकट से समझने का अवसर प्राप्त करें। ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता संबंधी जानकारी एवं अन्य आवश्यक सूचनाएं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस के आधिकारिक फेसबुक एवं इंस्टाग्राम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page