Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 25 मई । गंगा दशहरा के अवसर पर गंगा स्नान करने गए कस्बा निवासी एक युवक की कासगंज के कछला घाट पर गंगा में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है तथा मोहल्ले में शोक का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा के मोहल्ला धोबियान निवासी 21 वर्षीय रोहित पुत्र ननकेश बीए का छात्र था। आज सुबह करीब 7 बजे वह अपने दोस्तों अर्पित और भानू के साथ पैसेंजर ट्रेन से गंगा दशहरा पर स्नान करने कछला घाट गया था। बताया गया कि तीनों दोस्त गंगा में स्नान कर रहे थे, तभी अचानक रोहित गहरे गड्ढे में चला गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया। दोस्तों द्वारा शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।मृतक रोहित अपने पिता ननकेश के तीन बेटों में दूसरे नंबर का था। बड़ा भाई शनि और छोटा भाई मोहित घटना के बाद से बेसुध हैं। परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं। बताया गया कि रोहित के पिता ननकेश गोरखपुर में ईंट भट्टे पर मजदूरी करने गए हुए थे और देर शाम तक घर नहीं पहुंच सके थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार एवं मोहल्ले के लोग कछला घाट के लिए रवाना हो गए। युवक की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page