
हाथरस 25 मई । जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 राजीव राॅय ने निरीक्षण किया, जिसमें कई चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता, टीकाकरण एवं प्रसव सेवाओं की भी समीक्षा की गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहपऊ का निरीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहपऊ का प्रातः निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अंकुश सिंह अनुपस्थित पाए गए। उपस्थिति पंजिका के अनुसार वह लगातार तीन दिनों से अनुपस्थित चल रहे हैं। निरीक्षण में डॉ. राजनीश सिंह (नेत्र परीक्षण अधिकारी), डॉ. पूजा (डेंटल सर्जन), डॉ. उरवि आरबीएसके, मनीष एवं रतनेश फार्मासिस्ट, भूरी सिंह आईओ, प्रशांत गौतम एचएस, निलेश कुमार एमसीटीएस ऑपरेटर, सीमा, तुलसी एवं चंचल स्टाफ नर्स उपस्थित मिले। वहीं स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सूचिका सहाय, डॉ. पूजा कपूर, गार्गी स्टाफ नर्स, ब्लॉक अकाउंट मैनेजर मानव शर्मा, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर हेम प्रकाश शर्मा, हर्ष अग्निहोत्री एसटीएस, रोहिताश एसटीएलएस, शिवाकांत पचौरी एलटी एवं श्याम सुंदर आयुष्मान मित्र अनुपस्थित पाए गए। कोल्ड चेन कक्ष में वैक्सीन लॉगबुक की स्थिति संतोषजनक पाई गई। ऑपरेशन थिएटर एवं आयुष्मान भारत कार्यालय बंद मिले। लेबर रूम में अप्रैल 2026 से अब तक 155 प्रसव कराए जाने की जानकारी दी गई। फार्मेसी में ईडीएल-245 के सापेक्ष 195 दवाएं उपलब्ध मिलीं। निरीक्षण के दौरान ओपीडी में तीन मरीज देखे जा चुके थे तथा अप्रैल से अब तक 134 एचपीवी वैक्सीन लगाए जाने की जानकारी दी गई। एआरवी इंजेक्शन कक्ष में दो मरीजों को इंजेक्शन लगाए जाने की पुष्टि की गई। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अंकुश सिंह को दो कार्य दिवस में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं तथा अग्रिम आदेशों तक उनके वेतन पर रोक लगा दी गई है। साथ ही अनुपस्थित अन्य कर्मचारियों के 25 मई 2026 के वेतन आहरण पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आरती का निरीक्षण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आरती का प्रातः 09:11 बजे निरीक्षण किया गया। यहां फार्मासिस्ट योगेश कुमार अनुपस्थित पाए गए, जबकि यशपाल वार्ड बॉय एवं अल्पना स्टाफ नर्स उपस्थित मिलीं। चिकित्सा अधीक्षक सीएचसी सहपऊ को निर्देशित किया गया कि अनुपस्थित फार्मासिस्ट योगेश कुमार के 25 मई 2026 के एक दिन के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई जाए। साथ ही चिकित्सा इकाई में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदपा का निरीक्षण चंदपा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का प्रातः 09:42 बजे निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट हरेंद्र सिंह राणा, ममता स्टाफ नर्स एवं राजकुमार वार्ड बॉय उपस्थित पाए गए। उपस्थिति पंजिका के अनुसार चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा एवं एएनएम शिवांगी अनुपस्थित मिलीं। लेबर रूम में अप्रैल से अब तक 58 प्रसव कराए जाने की जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान एक महिला लाभार्थी का सफल प्रसव भी कराया गया। महिला वार्ड में एक मरीज भर्ती मिलीं। फार्मेसी में ईडीएल-195 के सापेक्ष 170 दवाएं उपलब्ध पाई गईं। चिकित्सा अधीक्षक सीएचसी मुरसान को निर्देश दिए गए कि अनुपस्थित पाए गए चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा के 25 मई 2026 के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई जाए।


























