
हाथरस 23 मई । मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर जवार टोल के पास कल शुक्रवार देर रात करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जयपुर से बरेली जा रही एक डबल डेकर बस सड़क किनारे खड़ी थी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना में 15 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंच गया तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में शाहजहांपुर के बंडा निवासी नूर हसन, सरताज जहां, साजिया, आशिया, हसन रजा, पीलीभीत के कोटा कुमेरिया निवासी फरीन तथा बीसलपुर निवासी अंजुम और रजवानो सहित अन्य यात्री शामिल हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।


























