Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 मई। हाथरस के एक प्रतिष्ठित डिग्री कॉलेज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक सीनियर छात्र पर अपनी ही जूनियर छात्रा का पिछले सात महीनों से यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी छात्र ने पीड़िता का एक अश्लील वीडियो बना लिया था और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। पीड़िता के पिता की तहरीर पर हाथरस गेट कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही आरोपी छात्र फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

फर्जी ईमेल आईडी बनाकर वीडियो किया वायरल

पीड़िता हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के ही एक गांव की रहने वाली है और कॉलेज से बीएससी (B.Sc) की पढ़ाई कर रही है। परिजनों के मुताबिक, छात्रा नाबालिग है। आरोपी छात्र भी उसी कॉलेज का सीनियर है और शहर के एक घनी आबादी वाले इलाके का निवासी है। पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि करीब सात महीने पहले आरोपी ने उनकी बेटी को अपने प्रेमजाल में फंसाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी ने चुपके से एक अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वह लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर छात्रा का शारीरिक और मानसिक शोषण करने लगा। हैवानियत की हदें पार करते हुए आरोपी ने छात्रा और उसकी मां के नाम से दो फर्जी ईमेल आईडी भी बनाईं और उनके जरिए कुछ वीडियो अन्य लोगों को भेज दिए।

गैंग के चार मोबाइल नंबर पुलिस को सौंपे, कई और छात्राओं के वीडियो होने का शक

पीड़िता के पिता ने पुलिस को सौंपी गई शिकायत में आरोपी के गैंग में शामिल चार संदिग्ध मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए हैं। पिता का सनसनीखेज दावा है कि आरोपी के मोबाइल में कॉलेज की कई अन्य छात्राओं के भी आपत्तिजनक वीडियो मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल वह उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए करता था।

पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी छात्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामला बेहद गंभीर है, इसलिए पुलिस की टीमें गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।” नितिन कसाना, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली हाथरस गेट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page