
हाथरस 22 मई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव राय ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर साफ-सफाई व्यवस्था असंतोषजनक मिली, वहीं कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिनके वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
सबसे पहले सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसायन का निरीक्षण किया। यहां कई चिकित्सक एवं कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जबकि केंद्र की साफ-सफाई व्यवस्था भी खराब पाई गई। बिजली बाधित होने के बावजूद उपलब्ध संसाधनों से कार्य संचालित किया जा रहा था। एनबीएसयू कक्ष में स्टाफ नर्सों ने बताया कि मई माह में अब तक 120 डिलीवरी कराई जा चुकी हैं। निरीक्षण के दौरान शौचालय एवं ऑपरेशन थिएटर की सफाई भी असंतोषजनक मिली, जिस पर संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। इमरजेंसी वार्ड, एनसीडी कक्ष एवं आयुष्मान कक्ष बंद पाए गए। सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों के स्पष्टीकरण तलब करते हुए उनके वेतन रोकने के आदेश दिए। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महौ का निरीक्षण किया गया। यहां भी कई चिकित्सक एवं कर्मचारी अनुपस्थित मिले। औषधि कक्ष में बच्चों को एआरवी लगाए जाने की जानकारी मिली तथा केंद्र पर 292 के सापेक्ष 246 प्रकार की दवाएं उपलब्ध पाई गईं। प्रसव कक्ष में स्टाफ नर्स ने बताया कि मई माह में अब तक 40 प्रसव कराए जा चुके हैं। एनबीएसयू कक्ष एवं मीटिंग हॉल की साफ-सफाई खराब मिलने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई और तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही अनुपस्थित कर्मचारियों के वेतन पर रोक लगाने के आदेश दिए गए। सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हाथरस जंक्शन का भी निरीक्षण किया। यहां प्रतिदिन लगभग 50 से 55 मरीजों के उपचार की जानकारी मिली। औषधि कक्ष में 196 के सापेक्ष 182 प्रकार की दवाएं उपलब्ध पाई गईं। लेबर रूम, जांच कक्ष एवं पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। कुछ कर्मचारी अनुपस्थित पाए जाने पर उनके वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही लेबर रूम के फर्श की मरम्मत कराने एवं साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। सीएमओ डॉ. राजीव राय ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे।


























