
हाथरस 21 मई । कोतवाली क्षेत्र के बाला पट्टी निवासी गिर्राज का ई-रिक्शा 24 अप्रैल को मंडी समिति से चोरी हो गया। पीड़ित ने थाना हाथरस गेट में शिकायत दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने न रिपोर्ट दर्ज की और न ही ई-रिक्शा बरामद किया। परेशान होकर गिर्राज ने 16 मई को एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना 24 अप्रैल सुबह छह बजे की है। गिर्राज सब्जी लेने मंडी समिति गया था। उसने अपना ई-रिक्शा खड़ा किया। सब्जी लेकर लौटा तो ई-रिक्शा गायब था। पीड़ित ने उसी दिन थाना हाथरस गेट पर लिखित सूचना दी। पुलिस ने मंडी के सीसीटीवी कैमरे भी चेक कराए, जिसमें अज्ञात चोर ई-रिक्शा ले जाते साफ दिख रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि सबूत होने के बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और 22 दिन बाद भी रिक्शा नहीं मिला। ई-रिक्शा ही परिवार की आजीविका का साधन था। अब उसने एसपी से रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।























