Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 मई । उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारियों ने गुरुवार को दो महीने से मानदेय न मिलने के विरोध में कार्य बहिष्कार कर जिला अस्पताल परिसर में धरना प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मचारी इमरजेंसी के सामने शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठे। धरने के दौरान कर्मचारियों ने अपनी आर्थिक परेशानियों को खुलकर बताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मार्च और अप्रैल माह का मानदेय अब तक नहीं मिला है। वेतन न मिलने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। बच्चों की फीस, राशन, दवाइयां और मकान का किराया देना भी चुनौती बन गया है। कई कर्मचारी उधार लेकर गुजारा करने को मजबूर हैं। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि मानदेय को लेकर सीएमओ कार्यालय से लेकर जिला प्रशासन तक कई बार ज्ञापन और शिकायत पत्र दिए गए, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। समाधान न निकलने और लगातार अनदेखी से नाराज होकर उन्हें आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा।

संविदा कर्मचारियों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में वे फ्रंटलाइन पर काम करते हैं। कोविड से लेकर टीकाकरण और राष्ट्रीय कार्यक्रमों में अहम भूमिका निभाते हैं, फिर भी समय पर मानदेय नहीं दिया जाता। उन्होंने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से बकाया मानदेय तत्काल जारी करने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक लिखित आश्वासन नहीं मिलता, प्रदर्शन जारी रहेगा।चेतावनी दी कि अगर शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन को जिला स्तर से प्रदेश स्तर तक तेज किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में विश्व दीप शर्मा, भारत चौधरी, नीलमा हांसदा, डा. हेमंत चौहान, डा. शिवम सिसोदिया, सचिन शेखावत, पुनीत वाष्र्णेय, चंद्रकांता, लक्ष्मी, बंटी आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page