
हाथरस 21 मई । मंडी समिति में आढ़ती के यहां हुई चोरी और मंडी परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर आढ़तिया एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में अपर जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने ओसी कलेक्ट्रेट लवगीत कौर को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि मंडी स्थित फर्म अरुण कुमार योगेश कुमार की दुकान संख्या सी-20 में 6 मई 2026 को दिनदहाड़े हुई चोरी का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे व्यापारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि घटना के समय मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद थे और परिसर में टूटी सड़कें, खराब टीन शेड, फर्श, प्रकाश व्यवस्था, जल व्यवस्था और सुरक्षा जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि बाजरा और मक्का सीजन आने वाला है, लेकिन प्लेटफॉर्म के टीन शेड महीनों से अधूरे पड़े हैं, जिससे बारिश में किसानों और व्यापारियों के माल के खराब होने का खतरा है। प्रतिनिधिमंडल ने चोरी के शीघ्र खुलासे और मंडी की समस्याओं के समाधान की मांग की। इस पर अपर जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र ने संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल में उमाशंकर वार्ष्णेय, प्रवीन वार्ष्णेय, नरेंद्र बंसल, सौरभ अग्रवाल, प्रवीन अग्रवाल, अमित अग्रवाल और दीपक अग्रवाल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।


























