Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 20 मई | क़स्बा में आज टेम्पो चालकों ने कथित अवैध वसूली के विरोध में हड़ताल कर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में एकत्रित चालकों ने पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन कर रहे चालकों का आरोप है कि हाथरस के एक ठेकेदार द्वारा उनसे पहले से ही मासिक शुल्क लिया जाता है। इसके बावजूद प्रतिदिन अतिरिक्त धनराशि की मांग की जा रही है। चालकों का कहना है कि लगातार बढ़ती इस कथित अवैध वसूली से उनकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ रहा है। टेम्पो चालकों ने बताया कि यदि कोई चालक अतिरिक्त भुगतान करने से मना करता है, तो उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है और वाहन संचालन में बाधाएं उत्पन्न की जाती हैं। इस स्थिति को लेकर चालकों में भारी रोष व्याप्त है। हड़ताल के चलते दिनभर कई मार्गों पर टेम्पो संचालन प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अनेक लोगों को यात्रा के लिए अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा। पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने चालकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर उचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध वसूली स्वीकार नहीं की जाएगी और यदि शिकायतें सही पाई गईं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में टेम्पो चालक तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page