Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 मई। भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से जिला सैनिक बंधु समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चन्द्र ने की। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध तथा गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान उन्होंने सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों द्वारा प्रस्तुत प्रकरणों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों की देखभाल करना प्रशासन की जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि नैतिक कर्तव्य भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सैनिकों से संबंधित कोई भी मामला लंबित नहीं रहना चाहिए और प्रत्येक प्रकरण का प्रभावी समाधान किया जाना चाहिए। प्रभारी जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने अप्रैल 2026 तक विभागीय कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि थल सेना, नौसेना एवं वायुसेना से सेवानिवृत्त 16 सैनिकों तथा एक दिवंगत सैनिक की पत्नी को पहचान पत्र जारी किए गए। दो पूर्व सैनिकों के नाम रोजगार हेतु डीजीआर नई दिल्ली को भेजे गए। सेवारत सैनिकों के दो प्रकरण पुलिस एवं प्रशासन को कार्रवाई हेतु प्रेषित किए गए। चार पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए सेना भर्ती हेतु रिलेशन प्रमाण-पत्र बनाए गए। नौ आश्रितों को पारिवारिक पेंशन दिलाने की कार्रवाई की गई तथा सात आश्रितों को विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु प्रमाण-पत्र जारी किए गए। दो मामलों में पार्ट-टू ऑर्डर की कार्रवाई की गई। द्वितीय विश्व युद्ध के सैनिकों एवं उनकी पत्नियों को ₹6,000 प्रतिमाह तथा कारगिल युद्ध में शहीद सैनिकों की पत्नियों को ₹7,500 और माता-पिता को ₹5,000 प्रतिमाह की दर से पेंशन वितरित की गई। दो पूर्व सैनिकों की पुत्रियों और एक शहीद सैनिक की विधवा की पुत्री के विवाह हेतु एक-एक लाख रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत कराने की कार्रवाई की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल माह तक 69 आश्रितों को छात्रवृत्ति दिलाने तथा एक आश्रित को आर्मी ग्रुप इंश्योरेंस की धनराशि का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, उपायुक्त उद्योग, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं सूबेदार मेजर एनसीसी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page