Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ) 18 मई । कस्बा के मोहल्ला होलीगेट में रविवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के पिता ने उसके पति पर विषाक्त पदार्थ देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला होलीगेट निवासी कीर्ति (30) पत्नी सोमेश कल यानि रविवार रात अपने घर में संदिग्ध अवस्था में बेहोश मिली। बताया जा रहा है कि उसका पति सोमेश क्षेत्र के गांव मानिकपुर में लगने वाली साप्ताहिक पेंठ में सब्जी बेचने गया हुआ था। देर शाम करीब आठ बजे जब वह घर लौटा तो उसने पत्नी को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पत्नी की हालत देखकर घबराए सोमेश ने तत्काल परिजनों की सहायता से उसे कस्बा के एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कीर्ति को मृत घोषित कर दिया। विवाहिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मोहल्ले में भी लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना को लेकर हंगामा करते हुए पति पर गंभीर आरोप लगाए। मृतका के पिता डालचंद ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री को उसके पति सोमेश ने विषाक्त पदार्थ देकर मार डाला है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। मयंक चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page