Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 मई। प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों से बुलियन एवं सोना खरीदने से परहेज करने की अपील के क्रम में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बुलियन एवं सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों तथा व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में वर्तमान परिस्थितियों, बाजार व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, अफवाहों पर नियंत्रण और जनजागरूकता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि देश के जिम्मेदार नागरिक होने के नाते सभी का दायित्व है कि राष्ट्रहित में किए गए आह्वान का समर्थन करें। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे आमजन को अनावश्यक रूप से सोना या बुलियन खरीदने के लिए प्रेरित न करें तथा बाजार में किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने से बचें। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यापारी या आमजन को किसी प्रकार की समस्या या भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है तो वह तत्काल जिला प्रशासन से संपर्क करे, जिसका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने कहा कि व्यापार मंडल का प्रशासन और पुलिस को सदैव सकारात्मक सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की पहल का समर्थन यह दर्शाता है कि राष्ट्रहित के मुद्दों पर सभी एकजुट हैं। उन्होंने व्यापारियों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग जारी रखने का आह्वान किया। बैठक में सर्राफा व्यापारियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने कहा कि वे आमजन को जागरूक करने, बाजार में अनुशासन बनाए रखने तथा शासन-प्रशासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विदेशी सोने की खरीद से परहेज किया जाएगा तथा घरेलू सोने को पुनर्चक्रित कर आभूषण तैयार किए जाएंगे। व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि व्यापार से बढ़कर देशहित है और राष्ट्रहित के हर निर्णय में वे प्रशासन के साथ खड़े रहेंगे। इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राज्यकर मथुरा संभाग रमेश सिंह, उपायुक्त राज्यकर राजकुमार सिंह, उपायुक्त राज्यकर प्रदुमन गुप्ता, सहायक आयुक्त राज्यकर हरिनाथ यादव, सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष दीपेश अग्रवाल, सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष रमनमूर्ति शर्मा, सुरेश अग्रवाल, शैलेन्द्र वार्ष्णेय सर्राफ, राजेश अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, सत्यप्रकाश रंगीला, राजकुमार वर्मा, अमरीश बंसल, संजीव वार्ष्णेय, रविन्द्र वार्ष्णेय, राजीव वार्ष्णेय ,आलोक वार्ष्णेय, धर्मेन्द्र पाठक ,शौर्य शर्मा ,सागर अग्रवाल, टिंकू अग्रवाल ,अनुराग अग्रवाल ,निखिल अग्रवाल, शन्टू लहरा वाले सहित बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page