
हाथरस 18 मई। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ द्वारा आगामी 21 तारीख को आयोजित होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा को निष्पक्ष पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी-अपनी ड्यूटी पर समय से उपस्थित रहें तथा परीक्षा को पूर्ण शुचिता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच कर किसी भी प्रकार की नकल सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को केंद्र के अंदर ले जाने से रोकने के निर्देश दिए। महिला अभ्यर्थियों की जांच केवल महिला कर्मियों द्वारा कराए जाने तथा सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और टीवी स्क्रीन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी तथा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाएगी ताकि अभ्यर्थियों को समय से केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा की शुचिता भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि लेखपाल मुख्य परीक्षा 21 मई गुरुवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। जनपद में इसके लिए 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 3408 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा का संचालन कार्यदायी संस्था और परीक्षा सुरक्षा एजेंसी के जनपद प्रतिनिधियों की निगरानी में कराया जाएगा। बैठक में संबंधित अधिकारी एवं एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Next News :-बुलियन और सोना खरीद से परहेज की अपील, हाथरस के सर्राफा व्यापारियों के साथ जिलाधिकारी ने की बैठक
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





















