
हाथरस 16 मई। सदर कोतवाली क्षेत्र की बिछुआ गली निवासी नवविवाहिता त्विसा शर्मा की भोपाल Bhopal में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले में पुलिस ने उनके पति समर्थ सिंह और रिटायर्ड जज सास गिरीबाला सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुरालजनों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार त्विसा शर्मा का विवाह दिसंबर 2025 में भोपाल के कटारा हिल्स निवासी अधिवक्ता समर्थ सिंह से हुआ था। 12 मई 2026 की रात परिजनों को त्विसा की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मायके पक्ष 13 मई को All India Institute of Medical Sciences Bhopal पहुंचा, जहां उन्होंने शव पर गले, कान और चेहरे पर चोट के निशान देखे। परिजनों का आरोप है कि त्विसा की हत्या की गई है। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष के विरुद्ध गंभीर आरोपों के बावजूद प्रारंभिक स्तर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। इसके विरोध में परिजन महिला थाना और बाद में पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। लगातार विरोध और दबाव के बाद गुरुवार रात पुलिस ने पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरीबाला सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। परिजनों ने भोपाल में ही त्विसा शर्मा का अंतिम संस्कार किया। अब परिवार ने न्याय की मांग करते हुए कानूनी लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया है। मामले को लेकर दोनों राज्यों के लोगों में भी गहरी संवेदना और आक्रोश देखा जा रहा है।























