
हाथरस 16 मई। जिला सेवायोजन अधिकारी District Employment Office के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिला सेवायोजन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार संगम पोर्टल के जरिए अब देश के साथ-साथ विदेशों में भी नौकरी पाने का अवसर मिल रहा है। इस क्रम में सऊदी अरब और जर्मनी में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सऊदी अरब में सुरक्षित और बेहतर करियर के लिए फैब्रिकेशन सुपरवाइजर, मैकेनिकल हेल्पर, सीएसएस वेल्डर, पाइप फैब्रिकेटर, स्ट्रक्चरल फैब्रिकेटर, मैकेनिकल टेक्नीशियन, फैब्रिकेशन फोरमैन तथा मैकेनिकल फिटर सहित कई पदों पर भर्ती की जा रही है। इन पदों के लिए संबंधित कार्य का अनुभव आवश्यक है। साथ ही अंग्रेजी भाषा तथा संबंधित देश की कार्य-प्रचलित भाषा की जानकारी होना लाभकारी रहेगा।
जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र के लिए आकर्षक अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। अस्पताल, क्लीनिक और केयर होम में स्टाफ नर्स के पदों पर भर्ती की जा रही है। इसके लिए बीएससी नर्सिंग या जीएनएम उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। फ्रेशर एवं अनुभवी दोनों उम्मीदवार पात्र हैं। आयु सीमा 20 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 2.25 लाख रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलने की संभावना है। इसके लिए अंग्रेजी के साथ जर्मन भाषा के बी-2 स्तर का ज्ञान आवश्यक है। जिला सेवायोजन अधिकारी के अनुसार अधिकांश पदों के लिए कम से कम एक वर्ष का अनुभव वांछनीय है। आवश्यकता पड़ने पर अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था भी की जा रही है। आवेदन करने में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय, हाथरस से संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कर इन अंतरराष्ट्रीय अवसरों का लाभ उठाएं और अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाएं।


























