
हाथरस 15 मई। जनपद के गांव सुरंगपुरा निवासी एक युवक के साथ रास्ते में रोककर गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरंगपुरा निवासी अनिल कुमार ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसका भाई योगेश साइकिल से घर लौट रहा था। जब वह गांव नयाबांस निवासी संदीप के घर के पास पहुंचा, तभी सचिन, कुनाल और राकेश ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। अनिल कुमार के अनुसार जब योगेश ने इसका विरोध किया और गाली देने से मना किया, तो तीनों आरोपियों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट कर दी। इस मारपीट में योगेश को चोटें आई हैं। घटना के बाद अनिल कुमार ने थाने पहुंचकर आरोपियों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






















