Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 15 मई । किसानों के नेता महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि शुक्रवार को सादाबाद तहसील प्रांगण में मनाई गई। इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने हवन-यज्ञ और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया।

कार्यक्रम में किसानों ने बाबा टिकैत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने बाबा टिकैत के संघर्षों और किसान हित में किए गए आंदोलनों को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने बताया कि महेंद्र सिंह टिकैत ने पूरे भारत के किसानों को एक मंच पर लाने का काम किया। उन्होंने वर्ष 1986 में अराजनीतिक संगठन भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) का गठन किया था। 17 अक्टूबर 1986 को उनके गांव सिसौली में आयोजित एक विशाल महापंचायत में विभिन्न जातियों, धर्मों और खापों के चौधरियों तथा किसान प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसी महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन का गठन हुआ और बाबा टिकैत को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। किसान नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि बाबा टिकैत ने हमेशा किसानों की लड़ाई को राजनीति से दूर रखा। उन्होंने बिजली दरों, गन्ना मूल्य, सिंचाई, खाद-बीज और किसानों के अधिकारों को लेकर कई बड़े आंदोलन चलाए, जिनके कारण सरकारों को झुकना पड़ा और किसानों को उनका हक मिला। हवन-यज्ञ के बाद हुई श्रद्धांजलि सभा में किसानों ने बाबा टिकैत को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर किसानों से संगठन को मजबूत करने और किसान हितों की लड़ाई जारी रखने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में भाकियू पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page