सासनी 15 मई । सासनी-नानऊ मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास गुरुवार को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने पैदल जा रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद अस्पताल परिसर में घायल महिला के परिजनों और ट्रैक्टर पक्ष के लोगों के बीच जमकर मारपीट और हंगामा हुआ। पुलिस के पहुंचने से पहले ही कई लोग मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोपाल नगर, सब्जी मंडी के पास नया नगला निवासी राधा देवी (48 वर्ष), पत्नी नरसिंह, क्षेत्र में आयोजित एक जागरण कार्यक्रम से अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वह सासनी-नानऊ मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास पहुंचीं, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं और लहूलुहान हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल National Health Mission की 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसकी सहायता से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही घायल महिला के परिजन और ट्रैक्टर पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद और मारपीट में बदल गई। अस्पताल परिसर में थप्पड़ और लात-घूंसे चलने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल प्रशासन ने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्षों के कई लोग वहां से चले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।


























