Hamara Hathras

Latest News

सासनी 15 मई । सासनी-नानऊ मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास गुरुवार को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से ई-रिक्शा में बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में घायल महिला के परिजनों और ट्रैक्टर पक्ष के लोगों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट और हंगामा हो गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी एवं अन्य संबंधित लोग मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोपाल नगर सब्जी मंडी के पास निवासी राधा देवी (48 वर्ष), पत्नी नाहर सिंह, क्षेत्र के गांव नया नगला में आयोजित एक जागरण कार्यक्रम से वापस अपने घर लौट रही थीं। जब वह सासनी-नानऊ मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज के समीप पहुंचीं, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनके ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राधा देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं और लहूलुहान हो गईं।

घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल National Health Mission की 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसकी सहायता से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही घायल महिला के परिजन तथा ट्रैक्टर पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। अस्पताल परिसर में थप्पड़ और लात-घूंसे चलने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल प्रशासन ने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और संबंधित पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page