सादाबाद 14 मई । मई क्षेत्र के गांव नगला दुर्जिया में बुधवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडे चले और फायरिंग की घटना भी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना सादाबाद को जानकारी मिली थी कि गांव दुर्जिया में ओमी उर्फ ओमप्रकाश और मनोज कुमार पक्ष के लोगों के बीच झगड़ा हो गया था। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट के साथ फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सादाबाद के पर्यवेक्षण में थाना सादाबाद पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने घटना में शामिल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ओमी उर्फ ओमप्रकाश, पुष्पे, अमित, जितेंद्र सिंह, भूरा उर्फ अंकित, नरेंद्र और विनोद शामिल हैं। ये सभी नगला दुर्जिया, सादाबाद के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी आगरा जनपद का बताया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र सिंह के कब्जे से 315 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। वहीं, आरोपी नरेंद्र के पास से 315 बोर का एक खोखा कारतूस मिला है। इन बरामदगियों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। थाना सादाबाद में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने किया। घटना के बाद गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है।




















