
हाथरस 14 मई । थाना हाथरस जंक्शन पुलिस क्षेत्र के शंकरपुर गांव में खेत पर पानी लगा रहे युवक से मारपीट करने और बाद में उसके पिता व तीनों बेटों पर दोबारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड, ईंट-पत्थर और लात-घूंसों से हमला कर पूरे परिवार को घायल कर दिया तथा जान से मारने और गांव से भगाने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित विमल सिंह ने बताया कि उनका बेटा मोहित सेंगर खेत पर पानी लगा रहा था। इसी दौरान गांव के सोनू और विवेक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मोहित के साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि उन्होंने मोहित को लात-घूंसों से जमीन पर गिराकर पीटा और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। इसके बाद उनके अन्य पुत्र कुशाग्र सेंगर और चेतन सेंगर के साथ भी मारपीट की गई। विमल सिंह अपने तीनों घायल पुत्रों को लेकर थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया। आरोप है कि रात में जब वह बच्चों के साथ घर लौट रहे थे, तभी रेलवे पुल के पास रवि, गुलशन, राहुल और चार अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड, ईंट-पत्थर और लात-घूंसों से पिता-पुत्रों पर हमला कर दिया, जिससे सभी को चोटें आईं। पीड़ित की शिकायत पर थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।





















