Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 14 मई। सहपऊ कस्बे में उस समय हड़कंप मच गया जब गांव मढ़ापिथू निवासी पवन कुमार पत्नी से विवाद के बाद अपने दो मंजिला मकान की छत पर चढ़ गया और ऊपर से कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सहपऊ कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

बताया जाता है कि पवन कुमार का अपनी पत्नी से पिछले लगभग छह वर्षों से विवाद चल रहा है। उसके एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पवन का कहना है कि उसका पुत्र विशेष देखभाल की आवश्यकता वाला है और पारिवारिक कारणों को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता है। पत्नी द्वारा पूर्व में कई बार कोतवाली में शिकायत भी की जा चुकी है। इस संबंध में शांति भंग की कार्रवाई के तहत एक मामला एसडीएम न्यायालय सादाबाद में विचाराधीन है। पवन कुमार के अनुसार वह करीब डेढ़ महीने बाद सादाबाद से न्यायालय में तारीख कर घर लौटा था। शाम को घर पहुंचने पर पति-पत्नी के बीच पुनः विवाद हो गया, जिससे आक्रोशित होकर वह शाम लगभग छह बजे छत पर चढ़ गया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले प्रयास के बाद पुलिस ने शाम लगभग 7:15 बजे उसे सुरक्षित नीचे उतारा और आगे की समझाइश के लिए कोतवाली ले आई। क्षेत्राधिकारी जेएन अस्थाना ने बताया कि युवक को समझाया जा रहा है और दोनों पक्षों के बीच आपसी विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने परिवार को आपसी संवाद और संयम बनाए रखने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page