Hamara Hathras

Latest News

सहपऊ 12 मई । थाना सहपऊ क्षेत्र के मानिकपुर स्थित अंग्रेजी एवं देशी शराब कंपोजिट ठेके पर कार्यरत सेल्समैन के साथ शराब देने से मना करने पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर थाना सहपऊ पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगला खुशाल, करहल, जनपद मैनपुरी निवासी ओमकार मानिकपुर स्थित अंग्रेजी और देशी शराब कंपोजिट ठेके पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। ओमकार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 10 मई की रात लगभग 10 बजे वह ठेका बंद कर पीछे बने कमरे में सो रहा था। रात करीब 11 बजे एक कार में सवार चार लोग वहां पहुंचे और गेट बजाते हुए गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि गेट खोलने पर चारों लोग शराब मांगने लगे। जब ओमकार ने ठेका बंद होने की बात कहकर शराब देने से मना कर दिया तो आरोपितों ने उसके साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। साथ ही धमकी दी कि यदि शराब नहीं दी गई तो उसे जान से मार देंगे। पीड़ित के अनुसार शोर-शराबा सुनकर उसके साथी आनंद कुमार भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद चारों आरोपित धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। तहरीर में बताया गया है कि भागते समय आरोपित स्वयं को नगला सलेम का निवासी बता रहे थे। थाना सहपऊ पुलिस ने ओमकार की तहरीर के आधार पर चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page