
सादाबाद 12 मई । उप जिलाधिकारी सादाबाद ने जानकारी देते हुए बताया कि मछली पालन को बढ़ावा देने तथा पात्र व्यक्तियों को तालाब आवंटित करने के उद्देश्य से तहसील मुख्यालय सादाबाद में विशेष पट्टा शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह शिविर दिनांक 28 मई 2026 एवं 19 जून 2026 को प्रातः 11 बजे से आयोजित होंगे। उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न ग्रामों में स्थित तालाबों को मत्स्य पालन हेतु 10 वर्षीय पट्टे पर दिए जाने की प्रक्रिया इन शिविरों के माध्यम से संपन्न की जाएगी। सभी तालाबों के आवंटन तक प्रत्येक माह के तृतीय शुक्रवार को इसी प्रकार नियमित रूप से शिविर आयोजित किए जाएंगे। यदि किसी रिक्त तालाब के आवंटन हेतु आवेदन संबंधित शिविर में प्राप्त हो जाता है, तो उस तालाब के लिए अगले शिविर में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उप जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन की उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता नियमावली 2016 के अनुसार 0.2 हेक्टेयर से 2.00 हेक्टेयर तक के तालाबों का लगान 2,000 रुपये प्रति एकड़ तथा 2.00 हेक्टेयर से बड़े तालाबों के लिए 10,000 रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। तालाबों का आवंटन राजस्व संहिता में निर्धारित वरीयता क्रम के अनुसार किया जाएगा, जिसमें सर्वप्रथम मछुआ समुदाय के पात्र व्यक्तियों को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। पट्टा शिविर के अंतर्गत ग्राम उधैना, एदलपुर, कजरोठी, कुंजलपुर, कुरसंडा, गहचौली, गुखरोली, चौवारा, छतारा, जरीपुरा, ढकपुरा, तसींगू, धाधऊ, नगला गरीबा, नगला सलेम, नसीरपुर, नौगवां, पिपरामई, बढ़ार, बहादुरपुर भूप, बाबली, बिसावर, मंस्या, महरारा, मानिकपुर, मीरपुर, रसीदपुर, राजनगर, लोधई, शहवाजपुर, सलहपुर चंदवारा, सलेमपुर, सहपऊ, सुसाइन, सेदरिया तथा करकौली सहित अनेक ग्रामों के तालाब शामिल किए गए हैं। प्रशासन ने इच्छुक एवं पात्र आवेदकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आवश्यक अभिलेखों के साथ तहसील मुख्यालय पहुंचकर आवेदन प्रस्तुत करें और शासन की इस योजना का लाभ उठाएं।


























