
हाथरस 11 मई । मातृ दिवस (मदर्स डे) के पावन अवसर पर जेसीआई हाथरस विक्ट्री द्वारा महिला सदस्यों के सम्मान और मनोरंजन के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रविवार, 10 मई 2026 को संस्था की सभी महिला सदस्याओं ने अपनी दैनिक व्यस्तताओं और पारिवारिक जिम्मेदारियों से समय निकालकर एक साथ मूवी देखी और खुशियाँ साझा कीं। संस्था द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मातृ शक्ति को समर्पित इस विशेष दिन पर महिलाओं को मानसिक शांति और मनोरंजन के कुछ पल प्रदान करना था। मूवी आउटिंग के दौरान सभी सदस्याओं के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस आयोजन ने न केवल मनोरंजन किया, बल्कि आपसी संवाद और आत्मीयता को बढ़ाने का एक सुंदर मंच भी प्रदान किया। संस्था के पदाधिकारियों ने मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वैसे तो माँ का ऋण चुकाना संभव नहीं है और प्रत्येक दिन मातृ दिवस के समान है, लेकिन यह छोटा सा प्रयास अपनी संस्था की ‘मातृ शक्ति’ को समर्पित था। जेसीआई हाथरस विक्ट्री हमेशा से ही सदस्यों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ आपसी संबंधों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य करती रही है। कार्यक्रम के अंत में सभी महिला सदस्यों ने एक-दूसरे को मातृ दिवस की बधाई दी और इस यादगार आयोजन के लिए संस्था का आभार व्यक्त किया।























