
हाथरस 11 मई । आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी छात्रों के सपनों को पंख देने के लिए संचालित ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’ के तहत सत्र 2026-27 के लिए निशुल्क कोचिंग का मार्ग प्रशस्त हो गया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि यूपीएससी, नीट, जेईई और बैंकिंग जैसी बड़ी परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्र 30 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत यूपीएससी (UPSC), यूपीपीएससी (UPPCS), नीट (NEET), जेईई (JEE), एनडीए (NDA), सीडीएस (CDS), एसएससी (SSC), बैंकिंग, रेलवे और पुलिस भर्ती जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कक्षाएं संचालित की जाएंगी। यह कक्षाएं 01 जुलाई 2026 से शुरू होंगी। इच्छुक छात्र विकास भवन हाथरस के कमरा नंबर 105 में जाकर अपना आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र (10वीं, 12वीं और स्नातक की मार्कशीट) दस्तावेजों की छाया प्रति अनिवार्य है। छात्रों की सुविधा के लिए कोचिंग में एक समृद्ध पुस्तकालय भी उपलब्ध कराया गया है। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 7071365850 या 8191816646 पर संपर्क किया जा सकता है। कोचिंग में प्रवेश के लिए पारदर्शिता बनाए रखने हेतु चयन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होगा। यह परीक्षा जून माह के द्वितीय सप्ताह में आयोजित की जानी प्रस्तावित है।
योजना के सफल संचालन हेतु विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों का भी चयन किया जाना है, जिसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 10 जून 2026 है। सिविल सेवा के लिए राजकीय कॉलेजों के शिक्षक या मुख्य परीक्षा/साक्षात्कार दे चुके अभ्यर्थी पात्र होंगे। NEET/JEE के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी से M.Sc., MBBS या M.Tech. डिग्री धारक अभ्यर्थी अतिथि व्याख्याता के रूप में आवेदन कर सकते हैं। अंतिम निर्णय चयन समिति द्वारा लिया जाएगा।























