
हाथरस 11 मई । ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और स्थानीय कारीगरों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने एक विशेष पहल शुरू की है। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले के पात्र कारीगरों को निशुल्क मोटराइज्ड दोना-पत्तल और पॉपकॉर्न मेकिंग मशीनें वितरित की जाएंगी। योजना के तहत जिले में कुल 10 मोटराइज्ड दोना-पत्तल मशीनें उन परंपरागत कारीगरों को दी जाएंगी जो इस कार्य में रुचि रखते हैं। इसके अतिरिक्त, 10 पॉपकॉर्न मेकिंग मशीनें मुख्य रूप से भुर्जी समाज के परंपरागत कारीगरों और इस उद्योग में स्वरोजगार के इच्छुक व्यक्तियों को निशुल्क प्रदान की जाएंगी। इच्छुक लाभार्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट upkvib.gov.in पर जाकर ऑनलाइन सेवाओं के अंतर्गत ‘टूलकिट्स आवंटन हेतु ऑनलाइन पंजीकरण’ लिंक पर आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 मई 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन के समय आवेदकों को पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र (जहाँ लागू हो), शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, राशन कार्ड अपलोड करने होंगे। ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने के बाद विभाग द्वारा गठित चयन समिति पात्र लाभार्थियों का साक्षात्कार/परीक्षण कर चयन करेगी। चयन के पश्चात विभाग द्वारा मशीनों के वितरण की आगामी कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है।























