Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 मई। भीड़भाड़ वाले बाजार में जहां अक्सर खोई हुई चीजें वापस मिलने की उम्मीद खत्म हो जाती है, वहीं हाथरस पुलिस के दो कर्मियों ने अपनी सतर्कता, ईमानदारी और मानवता से ऐसा सराहनीय कार्य किया है, जिसने आमजन का पुलिस पर भरोसा और मजबूत कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित कमला बाजार में कुल्फी खाने आई माधुरी गर्ग पुत्री नवल किशोर गर्ग निवासी पुराना बर्फखाना, थाना कोतवाली नगर, जनपद हाथरस का लगभग 3 लाख रुपये मूल्य का सोने का हार अचानक कहीं गिर गया। हार गायब होने का पता चलते ही महिला, उनके भाई एवं परिजन घबरा गए और भीड़भाड़ वाले बाजार में उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरक्षी विवेक कुमार एवं पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए आसपास के दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई तथा पूरे क्षेत्र में गंभीरता से खोजबीन शुरू की। काफी प्रयासों के बाद सड़क किनारे महिला का सोने का हार सुरक्षित अवस्था में बरामद कर लिया गया। पुलिस कर्मियों ने पूरी ईमानदारी एवं जिम्मेदारी का परिचय देते हुए महिला की पहचान एवं आवश्यक सत्यापन के उपरांत उनका कीमती हार उनके भाई को सकुशल वापस कर दिया। अपना बहुमूल्य हार वापस पाकर महिला एवं उनके परिजनों की आंखों में खुशी और राहत साफ दिखाई दी।

महिला माधुरी गर्ग ने कहा कि उन्हें बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि इतनी भीड़भाड़ वाली जगह पर उनका खोया हुआ हार वापस मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि हाथरस पुलिस के जवानों ने जिस ईमानदारी और मेहनत से उनका हार ढूंढकर लौटाया, उसके लिए वह जीवनभर आभारी रहेंगी। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में इस प्रकार की ईमानदारी दुर्लभ है और हाथरस पुलिस ने यह साबित कर दिया है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा और विश्वास की सबसे बड़ी ताकत भी है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि जनता की सेवा, सुरक्षा और विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने आरक्षी विवेक कुमार एवं पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार के कार्य को सराहनीय एवं प्रेरणादायी बताते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page