
सादाबाद 10 मई । जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सहपऊ पुलिस ने रविवार को बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नगला रतिया क्षेत्र में हार-जीत की बाजी लगा रहे सात जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ताश की गड्डी और 21 हजार रुपये से अधिक की नगदी बरामद की है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेशानुसार जुआ और सट्टे की रोकथाम के लिए जिले भर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सादाबाद के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सहपऊ मयंक चौधरी ने अपनी टीम के साथ नगला रतिया में छापेमारी की। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से जुआरियों में भगदड़ मच गई, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सात लोगों को दबोच लिया। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के कब्जे से कुल 21,140 रुपये नगद और 52 पत्तों की एक ताश की गड्डी बरामद की है। पकड़े गए अभियुक्तों में हाथरस के अलावा पड़ोसी जनपद आगरा के लोग भी शामिल हैं।
पुलिस ने विक्रम पुत्र रामवीर (नगला रतिया, सहपऊ), हरवीर पुत्र रामवीर (नगला रतिया, सहपऊ), बनी सिंह पुत्र रामबाहादुर (चौकडा, आगरा), कैलाश सिंह पुत्र धुर्व सिंह (रूपधनु, आगरा), शिवेन्द्र सिंह पुत्र राम सिंह (चौकडा, आगरा), भूरा पुत्र ध्यान सिंह (चौकडा, आगरा) को विनीत कुमार पुत्र घमण्डी सिंह (खोण्डा, सहपऊ) गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष मयंक चौधरी ने बताया कि सभी अभियुक्तों के विरुद्ध थाना सहपऊ पर मु.अ.सं. 81/2026 धारा 13 (जुआ अधिनियम) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष के साथ अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

























