Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 09 मई । जनपद के अंतरराष्ट्रीय एथलीट मोहन सिंह आर्य ने अपने पैतृक मकान को लेकर परिवार के सदस्यों से जान का खतरा बताया है। 66 वर्षीय एथलीट ने अपने सगे भाई समेत अन्य पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने थाना समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। सादाबाद क्षेत्र के गांव मंस्या खुर्द निवासी मोहन सिंह आर्य ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव स्थित अपने पैतृक घर में अकेले रहते हैं। उनका आरोप है कि उनके सगे भाई, भाभी, भाई का साला और भाई के ससुर पैतृक मकान पर कब्जा करने की नीयत से उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। पीड़ित एथलीट के अनुसार, आरोपी आए दिन उनके साथ अभद्रता और मारपीट करते हैं। वे उन पर मकान छोड़ने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी भी देते हैं। मोहन सिंह आर्य ने आशंका जताई है कि विरोध करने पर उनके साथ कभी भी कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती है। मोहन सिंह आर्य ने पुलिस प्रशासन से अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पूरी जिंदगी खेल के माध्यम से देश और क्षेत्र का नाम रोशन किया है, लेकिन अब उन्हें अपनों से ही डर लगने लगा है। समाधान दिवस में मिली शिकायत के मद्देनजर, अधिकारियों ने मौके पर पुलिस को जांच-पड़ताल करने और एथलीट को सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page