
हाथरस (मुरसान) 08 मई । क्षेत्र के गोलनगर गांव के निकट एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मुरसान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान चाचपुर थाना चंदपा निवासी लालकृष्ण उर्फ काका (पुत्र विजेंद्र पाल) के रूप में हुई है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि लालकृष्ण रात करीब 10 बजे सादाबाद क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। वह कार्यक्रम में पहुंचा भी था और देर रात अपने गांव के लिए निकला था। जब वह घर वापस नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। सुबह गोलनगर गांव, मुरसान के निकट उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हालत में मिली और उसका शव भी घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतक के परिजन विनय कुमार ने बताया कि उनके ताऊ के बेटे (लालकृष्ण) का रात को किसी से विवाद हो गया था। परिजनों ने इस घटना को हत्या करार देते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मुरसान थाना अध्यक्ष अरविंद सक्सेना ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत किसी खंभे से बाइक टकराने के कारण हुई प्रतीत होती है। हालांकि, मौत का सही कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।























