
सासनी 08 मई । कस्बे के पुरानी सब्जी मंडी स्थित नवज्योति नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान कल गर्भवती महिला और नवजात की मौत के बाद आज अस्पताल को सीज कर दिया। कल परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया था। परिजनों ने चिकित्सक दंपति पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आपको बतादें हाथरस जंक्शन क्षेत्र के मेंडू निवासी बंटू ने बताया कि उनकी 28 वर्षीय गर्भवती पत्नी पिंकी को गुरुवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर सासनी के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार पिछले नौ माह से महिला का उपचार इसी अस्पताल में चल रहा था। अस्पताल स्टाफ ने परिजनों को शाम तक सुरक्षित डिलीवरी का आश्वासन दिया था, लेकिन दोपहर करीब तीन बजे अचानक महिला की हालत बिगड़ गई। आरोप है कि स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने पिंकी को अलीगढ़ रेफर कर दिया, जहां ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बताया गया कि जच्चा-बच्चा दोनों की जान नहीं बच सकी।

महिला की मौत से आक्रोशित परिजन शव लेकर वापस अस्पताल पहुंचे और चिकित्सक दंपति पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने भी तत्काल कार्रवाई की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित जांच टीम ने आज अस्पताल का निरीक्षण किया और अस्पताल को सीज कर दिया। जांच टीम में तहसीलदार डॉली यादव, सीएचसी अधीक्षक डॉ पंकज कुमार तथा स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी चतुर सिंह शामिल रहे। टीम ने अस्पताल के पंजीकरण, मरीजों के रिकॉर्ड, ड्यूटी स्टाफ तथा लेबर रूम सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में अस्पताल मानकों के विपरीत संचालन या चिकित्सकीय लापरवाही सामने आती है, तो संचालक के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।























